Follow Up Khabar

National News Portal

उत्तराखंड

मुख्यमंत्री के निर्देशन में सेवा, सुशासन और समर्पण का महाअभियान शुरू, योजनाओं का लाभ पहुंचेगा अंतिम व्यक्ति तक

जनपद में उत्साहपूर्वक हुआ सेवा पखवाड़े का शुभारंभ, योजनाओं से जुड़ेगा हर पात्र लाभार्थी

विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता: विधायक

स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान में सेवा पखवाड़ा बनेगा प्रभावी माध्यम: जिलाधिकारी

पौड़ी- सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना को समर्पित सेवा पखवाड़े का उत्साहपूर्ण शुभारंभ शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, नगरपालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, सीडीओ अशोक जोशी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इससे पूर्व अतिथियों और अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनमानस ने सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को भी सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के पाँच वर्ष सेवा, सुशासन और समर्पण को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और पारदर्शी भर्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के माध्यम से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों का स्वागत तथा अभिनंदन करते हुए कहा कि पौड़ी जैसे विशाल जनपद में ऐसे कार्यक्रम प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके माध्यम से जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा शासन की सेवाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि धरातल पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी मिलता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम मिले हैं और सेवा पखवाड़ा भी उसी दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान सभी पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही उन्होंने आमजन से 19 जुलाई तक ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की।

स्थानीय विधायक ने कहा कि जनसेवा ही जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और सभी को उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जन-जन तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं के अनुरूप समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से छूटे हुए पात्र लाभार्थियों, विशेषकर कृषि एवं आजीविका से जुड़े लोगों को चिन्हित कर उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ा रही है और उत्तराखंड विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

जिला पंचायत अध्यक्षा ने कहा कि सेवा पखवाड़े जैसे कार्यक्रम शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनपद का कोई भी पात्र लाभार्थी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी विभागों से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को उनसे जोड़ने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

नगर पालिका अध्यक्षा ने सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना पर आधारित सेवा पखवाड़े की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल शासन और आमजन के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गयी। पशुपालन विभाग की ओर से दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गाय पालन तथा बॉयलर फार्मिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं कृषि विभाग द्वारा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन एवं नवाचार के माध्यम से अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बने प्रगतिशील कृषकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सामाजिक समावेशन एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सके। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ उठाया।

इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने रुचिपूर्वक देखा। साथ ही विभाग द्वारा प्रकाशित प्रचार-प्रसार सामग्री का भी वितरण किया गया, ताकि आमजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में सांस्कृतिक दलों द्वारा सेवा, सुशासन, उत्तराखंड की लोक संस्कृति तथा जनजागरण पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने पूरे वातावरण को उत्साह एवं उल्लास से भर दिया और उपस्थित जनसमूह की भरपूर सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार, डीएफओ महातिम यादव, सीएमओ डॉ एसएम शुक्ला, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल किशोर रावत, जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष अशोक, संस्कृति साहित्य कला अकादमी के सदस्य राकेश नौडियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि वीरेंद्र खंकरियाल द्वारा किया गया।